बिलासपुर, सुभाष-:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बिलासपुर के एक प्रमुख कॉलेज परिसर के बाहर छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने राज्य सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की और कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की रही। उनका कहना था कि छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक परंपरा का अहम हिस्सा हैं और इससे विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा अपनी समस्याओं को संस्थागत मंच पर रखने का अवसर मिलता है। परिषद ने यह भी मांग की कि शिक्षण संस्थानों में गेस्ट टीचरों की व्यवस्था समाप्त कर नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर हो सके।इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर गर्ल्स स्कूल को बंद करने के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई। उनका तर्क था कि इस फैसले से छात्राओं की शिक्षा प्रभावित होगी और अभिभावकों को अतिरिक्त आर्थिक व सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।छात्र नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर भी चिंता व्यक्त की और युवाओं के लिए ठोस रोजगार नीति बनाने की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
TAGGED:
Bilaspur ABVP Protest
Chandrika
