मंडी (सीमा शर्मा): भारी बारिश के कारण ब्यास नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी हो गई है। ऐसे में पंडोह डैम से भी भारी मात्रा में पानी छोड़ दिया गया है। डैम के सभी गेट खोल दिए गए हैं और बिजली उत्पादन को बंद कर दिया गया है। बीबीएमबी के अधिशाषी अभियंता ई. राजेश हांडा ने बताया की भारी बरसात के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिस कारण गुरुवार दोपहर से डैम की फ्लशिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जो कल शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। बारिश से पहले डैम का जलस्तर 23000 क्यूसिक था।
भारी बारिश के बाद झील का जलस्तर 55000 क्यूसिक हो गया है। राजेश हांडा ने बताया कि जितना पानी का क्यूसिक फ्लो पीछे से आ रहा है, उतना की क्यूसिक फ्लो पानी डेम के आगे छोड़ा जा रहा है। इस समय डेम की झिल का जलस्तर 2923 फीट है जो कि खतरे की लाइन से नीचे है। बग्गी सुरंग को भी शाम तक धीरे-धीरे बंद कर दिया जाएगा, जिस कारण बीबीएमबी सलापड स्थित पावर हाउस में 24 घंटे बिजली उत्पादन बंद रहेगा। राजेश हांडा में बताया कि इस बारे जिला प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है और लोगों से भी अपील की जाती है कि दरिया किनारे न जाएं।
