सोलन (योगेश शर्मा): हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। ऐसे में लगातार भूस्खलन और बाढ़ आने की खबरें सामने आ रही हैं। बता दें कि सोलन से कुम्हारहट्टी के बीच कालका-शिमला के पास शमलेच फ्लाईओवर भी बारिश के कारण पूरी तरह से टूट चुका है। जिसके साथ में सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियां भी इसकी जद्द में आ गई। हालांकि इस हादसे में किसी भी तरह का जानी माल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन बड़ा हादसा होने से टला है।
जानकारी के मुताबिक जिस समय यह हादसा हुआ उस समय गाड़ियों में लोग मौजूद नहीं थे। अगर लोग वहां मौजूद होते तो किसी तरह का जानी माल का नुकसान भी हो सकता था। बहरहाल फोरलेन निर्माता कंपनी की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। रोड को बंद कर दिया गया है, लेकिन जिस तरह से फ्लाईओवर क्षतिग्रस्त हुआ है। उससे कहीं ना कहीं फोरलेन निर्माता कंपनी के काम पर सवालिया निशान खड़े हो चुके हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और सरकार इस पर क्या कदम उठाते हैं।
