मंडी : धर्मवीर ( TSN)- जिला मंडी के पंडोह में चल रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डाक्टर और सांबल हेल्थ सब सेंटर की नर्स पर अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं। जिसके बाद इन दोनों के इस व्यवहार की शिकायत सांसद प्रतिभा सिंह के पास पहुंच गई है। पंडोह, स्योग और जागर पंचायत के प्रधानों ने सामुहिक शिकायत पत्र मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह को दिया है। जिसमें इन्होंने पीएचसी पंडोह की प्रभारी डाक्टर के व्यवहार को कटघरे में खड़ा किया है।
इन प्रधानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि डाक्टर के अभद्र व्यवहार से सभी पेरशान हैं और आए दिन लोगों की इन्हें लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं। वहीं, हेल्थ सब सेन्टर सांबल की नर्स का भी यही हाल है। मरीजों के साथ इन दोनों का व्यवहार अच्छा नहीं है। इन्होंने आरोप लगाया है कि सांबल में त्रासदी के सर्च आप्रेशन जैसी दुःखद घड़ी में भी सब सेन्टर बंद रहा। कोई विशेष मदद पीड़ितों की नहीं की गई। पंडोह में बाढ़ के दौरान पीएचसी चिकित्सक द्वारा किसी भी प्रकार की स्वस्थ्य सुविधा प्रदान नहीं की गई। डाक्टर अपनी डयूटी अभद्र व्यवहार के साथ करते रहे। प्रधानों ने सांसद महोदया से दोनों डाक्टर और स्वास्थ्य उप केंद्र सामबल की नर्स के तबादले की मांग ज़िला परिषद सदस्य सयोग वार्ड एवं सदर कांग्रेस नेत्री चम्पा ठाकुर के माध्यम से लिखित रूप में की है। सीएमओ मंडी डा. नरेंद्र भारद्वाज ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में बीएमओ रत्ती को जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं और एक सप्ताह के भीतर मामले की रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा गया है। वहीं, बीएमओ रत्ती पीयुष वैद्य ने कहा कि उन्हें जांच के आदेश प्राप्त हुए हैं और उस पर जांच की जा रही है।
