Nurpur, Sanjeev— हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच, नूरपुर ज़ोन की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष चमन पुडीर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल पठानिया और प्रेस सचिव शाम सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के प्रति नाराज़गी जताते हुए कहा कि सरकार परिवहन विभाग के पेंशनरों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने बताया कि 12 तारीख बीत जाने के बावजूद अक्टूबर माह की पेंशन अभी तक जारी नहीं की गई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि जहां अन्य विभागों के कर्मचारियों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्त मिल चुकी है, वहीं परिवहन विभाग के पेंशनरों को अब तक इस संबंध में कोई राहत नहीं दी गई है।
कर्मचारियों ने यह भी कहा कि 1 जनवरी 2016 से देय वेतनमानों के एरियर की पहली किश्त ₹50,000 अब तक जारी नहीं हुई है। वहीं वर्ष 2023 से लंबित ग्रैच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भुगतान भी नहीं हुआ है। वरिष्ठ पेंशनरों के मेडिकल बिल पिछले तीन वर्षों से अटके पड़े हैं, जिससे वे इलाज के लिए परेशान हैं।
मंच ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे संयुक्त संघर्ष समिति के 18 संगठनों के बैनर तले 24 नवम्बर को विधानसभा का घेराव करेंगे। इस अवसर पर चालक स्वर्ण सिंह ने मंच की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में लगभग 56 सदस्य उपस्थित रहे।
