Bilaspur, Subhash thakur-जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त राहुल कुमार ने बुधवार को सदर पुलिस थाना बिलासपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार और पुलिस बैरकों का विस्तृत निरीक्षण किया तथा थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों से कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से अपराध नियंत्रण, गश्त व्यवस्था और एनडीपीएस (मादक पदार्थ नियंत्रण) एक्ट से संबंधित मामलों पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूर्ण रोक लगाना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। इसके लिए ऐसे सभी व्यक्तियों की पहचान की जाए जो नशे के व्यापार में संलिप्त हैं, और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।उपायुक्त ने अपराध रजिस्टर का अवलोकन करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध से संबंधित प्रत्येक सूचना और कार्रवाई का नियमित अद्यतन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए ठोस रणनीति बनाकर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने थाना क्षेत्र के प्रमुख हॉटस्पॉट इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए डीसी ने साफ-सफाई और अनुशासन को पुलिस बल की कार्यकुशलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि थाना परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित रहे, ताकि फरियादियों और आम नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।उपायुक्त ने आगंतुक रजिस्टर की भी जांच की और निर्देश दिए कि थाना में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण विधिवत दर्ज किया जाए। इससे शिकायतों की पारदर्शी मॉनिटरिंग और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित होगा।उन्होंने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनके कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली और कहा कि जिला प्रशासन हर स्तर पर पुलिस बल को सहयोग प्रदान करेगा। डीसी ने बल दिया कि पुलिसिंग केवल अपराध दर्ज करने तक सीमित न रहकर जनसंपर्क और जनविश्वास पर आधारित होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि “जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी को प्रो-एक्टिव दृष्टिकोण अपनाते हुए जनता के बीच विश्वास स्थापित करना चाहिए।”निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने पुलिस बल को सराहना देते हुए कहा कि उनका समर्पित प्रयास ही जिले में शांति और व्यवस्था की गारंटी है। साथ ही उन्होंने चेताया कि लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
