नूरपुर,संजीव महाजन :- हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच नूरपुर जोन की मासिक बैठक जसूर में प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल पठानिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रेस सचिव रणजोत सिंह, जोगिंदर सिंह पठानिया सहित कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित पेंशन और अन्य मांगों के समाधान में हो रही देरी को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि समय पर पेंशन न मिलना और बार-बार इसके लिए गुहार लगाना सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लंबे समय से सरकार और प्रबंधन के समक्ष मांगें उठाई जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
बैठक में पेंशन की स्थायी व्यवस्था करने, सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एकमुश्त पेंशन देने, लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान करने तथा 1 जनवरी 2016 से देय भत्तों के बकाया का शीघ्र भुगतान करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। कर्मचारियों ने कहा कि इन मांगों की अनदेखी से उनमें भारी असंतोष है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल पठानिया ने बताया कि 16 मार्च को संयुक्त संघर्ष समिति के साथ मिलकर जिला मुख्यालय पर विशाल रोष प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की करीब 18 यूनियनें भाग लेंगी। प्रदर्शन के बाद जिला उपायुक्त के माध्यम से सरकार को मांगपत्र भी सौंपा जाएगा।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसके बाद भी सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी शिमला में विधानसभा का घेराव करेंगे और जरूरत पड़ने पर परिवारों सहित धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी मांगें किसी प्रकार से अनुचित नहीं हैं और वे केवल अपने अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं।
