बिलासपुर, सुभाष -: सड़क हादसों या खराब वाहनों को तुरंत हटाकर यातायात सुचारु रखने के उद्देश्य से मंगवाई गई पुलिस विभाग की दो हाईवे क्रेन कई वर्षों से उपयोग के बिना खड़ी हैं। ऑपरेटर की नियुक्ति न होने के कारण ये महंगी मशीनें बेकार पड़ी हुई हैं, जिससे सरकारी संसाधनों के उपयोग पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, इन क्रेनों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाग्रस्त या खराब वाहनों को तुरंत हटाने के लिए खरीदा गया था, ताकि यातायात बाधित न हो और लंबा जाम लगने से बचा जा सके। लेकिन क्रेन चलाने के लिए प्रशिक्षित ऑपरेटर नियुक्त न किए जाने के कारण इनका उपयोग शुरू ही नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि दोनों क्रेन लंबे समय से एचआरटीसी वर्कशॉप के पास खड़ी हैं और धीरे-धीरे खराब होने की स्थिति में पहुंच रही हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर अक्सर दुर्घटनाएं होने या वाहनों के खराब हो जाने से लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में यदि ये क्रेन सक्रिय होतीं तो वाहनों को तुरंत हटाकर यातायात को जल्दी सामान्य किया जा सकता था। लोगों का मानना है कि क्रेन जैसी महत्वपूर्ण सुविधा होने के बावजूद उसका उपयोग न होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।इस मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जवाब मांगा है कि जब क्रेन खरीदी गई थीं, तब उनके संचालन के लिए आवश्यक कर्मचारियों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द ऑपरेटर तैनात कर इन क्रेनों को चालू किया जाए, ताकि सड़क हादसों के समय उनका सही उपयोग हो सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
TAGGED:
Bilaspur Highway crane
Chandrika
