नाहन : देवेंद्र कुमार – सिरमौर जिला में नशे के खात्मे के लिए नशा निवारण परिषद का गठन किया गया है। परिषद द्वारा जिला में नशे के प्रति जन जागरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा । अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा को इस अभियान का ब्रांड अंबेसडर बनाया गया।
नाहन में मीडिया से बात करते हुए नशा निवारण परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष अमरजीत परमार ने बताया कि प्रशासन के साथ मिलकर सिरमौर जिला में नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत नाहन शहर से की जाएगी और यह अभियान गांव गांव तक चलेगा इसका मुख्य मकसद नशे का खात्मा करना है। उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में नशे का प्रचलन बढ़ रहा है जिससे सिरमौर जिला भी अछूता नहीं है परमार ने कहा कि पुलिस महकमे का सहयोग लेकर नशे के खिलाफ यह मुहिम आगे बढ़ाई जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रामैरॉथन धावक को बनाया अभियान का ब्रांड अंबेसडर
अभियान के ब्रांड अंबेसडर बनाए गए अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा ने कहा की मौजूदा समय में युवा नशे की तरफ जा रहा है जो बेहद चिंतनीय विषय है।उन्होंने नशा निवारण परिषद के गठन को सराहनीय बताया साथ ही आभार जताया कि उन्हें इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बनाया गया है । सुनील शर्मा ने यह भी कहा कि आने वाले समय में समाज के लोगों को जागरूक करने के लिए कई गतिविधियां चलाई जाएगी जिसकी शुरुआत नहान से मैराथन दौड़ के जरिए की जाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि युवा नशे को छोड़कर खेल को अपने जीवन में अपनाएं।
