हमीरपुर, अरविंद-: जिला हमीरपुर में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिले के सभी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकों से विशेष सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की जिन लड़कियों का अभी तक एचपीवी टीकाकरण नहीं हुआ है, उन्हें जल्द से जल्द टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही टीके को लेकर अभिभावकों और छात्राओं में यदि किसी प्रकार की भ्रांति या डर है तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाए। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की सहायता भी ली जा सकती है।
यह अपील बुधवार को हमीरपुर डिग्री कॉलेज में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान की गई। स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के प्रमुखों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज गति देना था।उपायुक्त ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन लड़कियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करती है। जिला हमीरपुर में 29 मार्च से शुरू हुए इस अभियान के तहत लगभग 2967 किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1228 लड़कियों का टीकाकरण किया जा चुका है।उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन वर्ष 2006 में शुरू की गई थी और दुनिया के 159 देशों में इसकी करोड़ों डोज दी जा चुकी हैं। पहले यह टीका केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध था, लेकिन अब सरकार द्वारा इसे निःशुल्क लगाया जा रहा है। उपायुक्त ने सभी पात्र लड़कियों से 31 मई से पहले टीका लगवाने की अपील की।कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय अत्री, स्कूल शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती, जिला साइंस कोऑर्डिनेटर राजेश गौतम और डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ सतीश सोनी भी उपस्थित रहे।
