मंडी- : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित उम्मीदवार शिव चंद के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शिल्हीबागी, शिवाखड्ड, बागाचनोगी और भाटकीधार में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पूरी तरह विफल रही है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने नई योजनाएं शुरू करने के बजाय पिछली भाजपा सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि “व्यवस्था परिवर्तन” का नारा केवल दिखावा साबित हुआ है और प्रदेश में विकास की गति थम गई है।उन्होंने आपदा प्रबंधन को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि पिछले वर्ष बरसात में सड़कों पर गिरे मलबे को अब तक नहीं हटाया गया है। ग्रामीण इलाकों में सड़कें खराब होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई बस रूट अभी तक बहाल नहीं हो पाए हैं।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने गांव-गांव तक सड़क सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया, ताकि लोगों का जीवन आसान हो सके। इसके विपरीत वर्तमान सरकार मूलभूत सुविधाएं बनाए रखने में भी असफल साबित हुई है।उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह पर पक्षपात और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी संसाधनों का लाभ केवल चुनिंदा लोगों तक सीमित किया जा रहा है।निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम और पंचायत चुनावों में भी भाजपा मजबूत प्रदर्शन करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की कथित झूठी गारंटियों से निराश हो चुकी है और बदलाव चाहती है।
