मंडी : धर्मवीर -असम में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के तहत आने वाले सरध्वार गांव के 30 वर्षीय संदीप पार्थिव देह बुधवार सुबह उनके पैतृक गांव पहुंच जाएगी। इसके उपरांत सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद संदीप कुमार की पार्थिव देह चंडीगढ़ से सेना वाहन के माध्यम चंडीगढ़ उनके पैतृक गांव सरध्वार लायी जाएगी। मंगलवार शाम को सेना की गाड़ी चंडीगढ़ से मंडी के लिए रवाना हो गई है।
फील्ड फायरिंग के दौरान हुआ था ब्लास्ट
बता दें कि संदीप कुमार पिछले 10 वर्षों से सेना के ईएमई कोर में तैनात थे और इन दिनों असम में अपनी सेवाएं दे रहे थे। 1 मई 2023 को असम के बाक्सा जिले में फील्ड फायरिंग के दौरान ब्लास्ट होने से संदीप कुमार बुरी तरह से जख्मी हो गए थे। रेंज में उपलब्ध रेजिमेंटल चिकित्सा अधिकारियों द्वारा उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें हवाई मार्ग से गुवाहाटी बेस अस्पताल शिफ्ट किया गया। जहां उपचार के दौरान संदीप कुमार ने दम तोड़ दिया। संदीप अपने पीछे पत्नी, डेढ़ वर्ष का बच्चा और माता पिता को छोड़ गया है।
संदीप कुमार की शहादत की सूचना उनके परिजनों को बीते शाम करीब 4 बजे सेना की तरफ से आए फोन से प्राप्त हुई थी। इसके उपरांत उनकी शहादत की खबर पूरे इलाके में सनसनी की तरह फैल गई और पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया है। परिजनों का कहना है कि सेना की तरफ से अभी तक उन्हें इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि संदीप की शहादत कैसे हुई है। वहीं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि शहीद संदीप कुमार की पार्थिव देह के साथ सेना वाहन चंडीगढ़ से रवाना हो गया है। प्रशासन ने शहीद के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली है। कल सुबह शहीद की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंच जाएगी। जिसके बाद शहीद संदीप कुमार का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
