नाहन/देवेन्द्र कुमार: सीपीआईएम ने सिरमौर जिला के पच्छाद सीट से अपने उम्मीदवार को भी चुनावी मैदान में उतार दिया है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीपीआईएम की बैठक बुुुधवार को नाहन में आयोजित हुई। जिसमें विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई। सीपीआईएम जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीपीआईएम पूरी तरह तैयार है।
राज्य की कई सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवार तय कर दिए है। जिसमे से सिरमौर जिला की पच्छाद सीट पर सीपीआईएम ने आशीष कुमार को अपना चुनावी उम्मीदवार बनाया है। राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि सीपीआईएम का मुख्य मकसद सत्तारूढ़ दल भाजपा को सत्ता से हटाना है और हिमाचल प्रदेश में एक धर्मनिरपेक्ष सरकार को सत्ता में लाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है और आज प्रदेश की जनता सरकार से तंग आ चुकी है।
प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल
सीपीआईएम का कहना है कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है । प्रदेश में एक और जहां लोग महंगाई की मार झेल रहे है। वहीं बेरोजगारी भी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। सीपीएम नेताओं ने यह भी कहा कि हिमाचल सरकार मात्र केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार में व्यस्त है व खुद धरातल पर कोई भी काम जयराम सरकार नहीं कर पाई है।
