विकास शर्मा, चिंतपूर्णी(TSN): 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रों के दौरान हिमाचल की शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती हैं। इस दौरान प्रदेश के शक्तिपीठों में नवरात्रि मेलों का भी आयोजन किया जाता हैं। जिला ऊना के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में भी इन नवरात्रों में असूज नवरात्रि मेला आयोजित होता है जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन शुक्रवार को बाबा श्री माईदास सदन में एसडीएम विवेक महाजन की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में मेले के दौरान चिंतपूर्णी क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से चार सेक्टर में बांटने का फ़ैसला हुआ। हर सेक्टर पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक पुलिस अधिकारी तैनात रहेगा। मेला अवधि के दौरान 500 पुलिस जवान तैनात रहेंगे जिसमें 350 होमगार्ड के जवान शामिल रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क दवाई के कैंप और पीने के पानी के काउंटर लगाए जाएंगे। मेला अवधि के दौरान सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखने के लिए 40 सफाई कर्मी अतिरिक्त तैनात किए जाएंगे।
बैठक में फैसला लिया गया कि लंगर संस्थाओं को लंगर लगाने के लिए 20000 की राशि जमा करनी पड़ेगी,जिसमें 10000 की राशि धरोहर राशि और 10000 लंगर फीस के रूप में जमा होंगे। धरोहर राशि को मेला अवधि समाप्त होने के बाद लंगर संस्थाओं की ओर से सफाई व्यवस्था को चुस्त रखने के बाद वापस कर दी जाएगी।
