बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- देश दुनिया में सीमेंट नगरी के नाम से प्रसिद्ध बरमाणा में एसीसी सीमेंट प्लांट को अनिश्चित काल के लिए बंद करने के आदेश ने समस्त ट्रक ऑपरेटरों में खलबली मचा दी है। कंपनी के इस निर्णय से बरमाणा में माहौल तनावपूर्ण नजर आ रहा है।
ट्रक ऑपरेटरों का गुस्सा अब कभी भी उग्र रूप धारण कर सकता है। जिसे लेकर ट्रक ऑपरेटर शनिवार को रूपरेखा तैयार करेंगे। हालांकि, शुक्रवार को भी बड़ा आंदोलन होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन ट्रक ऑपरेटरों ने एक विशाल बैठक के साथ यह निर्णय लिया है कि कल यानि शनिवार को 21 वार्डों के सभी सदस्य व ट्रांस्पोर्टर्स बरमाणा में स्थित बीडीटीएस के पुकार हॉल में एकत्रित होंगे और संघर्ष को लेकर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही बीडीटीएस कार्यालय से एसीसी प्लांट के गेट तक शांतिपूर्ण तरीके से रोष रैली भी निकाली जाएगी।
ट्रक ऑपरेटर्स ने दी चेतावनी
ट्रक ऑपरेटर्स ने चेतावनी दी है कि यदि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया जाता है, तो सभी ट्रक ऑपरेटर चालक व परिचालकों के साथ मिलकर उपायुकत कार्यालय बिलासपुर का घेराव करेंगे। शुक्रवार को बीडीटीएस के कार्यालय के सभागार में सैंकड़ों ट्रक ऑपरेटरों ने बैठक की। इस दौरान एसीसी प्रबंधन व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। सभी ऑपरेटरों ने एकमत होकर इस बात पर जोर दिया कि प्लांट बंद करने के निर्णय को जल्द से जल्द वापिस लिया जाए। ताकि, ट्रक ऑपरेटरों व अन्य वर्ग के लोगों को आर्थिक संकट से न जूझना पड़े। वहीं, ऑपरेटरों ने साफ किया है कि सीमेंट ढुलाई के लिए बाहरी गाडिय़ों को नहीं चलने दिया जाएगा। यदि एसीसी कंपनी द्वारा ऐसा किया जाता है कि सभी ऑपरेटर इसका कड़ा विरोध करेंगे और उग्र से उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। यदि ऐसा होता है तो इसका जिम्मेवार एसीसी प्रबंधन व जिला प्रशासन होगा।
21 वार्डों के सभी सदस्यों व ट्रांसपोटरों की कल विशेष बैठक
पूर्व बीडीटीएस के प्रधान रमेश ठाकुर ने बताया कि आज ट्रक आपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कई ऑपरेटरों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कल 21 वार्डों के सभी सदस्यों व ट्रांसपोटरों की एक विशेष बैठक बरमाणा में होगी। इस बैठक में ट्रक ऑपरेटरों के हित को लेकर सभी सदस्यों के सुझाव भी लिए जाएंगे। साथ ही यदि संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ता है, तो उसे लेकर आगामी रणनीति भी बनाई जाएगी
