सोलन/योगेश शर्मा: सोलन शहर में ऑटो चालकों को जल्द ही वर्दी पहनकर ऑटो चलाने होंगे। इसको लेकर आरटीओ विभाग सोलन ने उच्च विभाग से क्लेरिफिकेशन मांगी है । आरटीओ सोलन गोपाल चंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 2007 में कॉन्ट्रैक्ट कैरिज में एक नोटिफिकेशन जारी की गई थी , जिसमें सिर्फ बस में ही वर्दी पहनने का प्रावधान रखा गया था, लेकिन इस संदर्भ में क्लेरिफिकेशन अब उच्च अधिकारियों से मांगी गई है कि क्या इस नोटिफिकेशन में ऑटो भी आ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यदि उच्च विभाग से उन्हें आदेश मिल जाते हैं तो उसके बाद सोलन में ऑटो चालकों को भी वर्दी पहनना अनिवार्य होगा। यदि कोई वर्दी नहीं पहनेगा तो उसमें चालान भी काटा जाएगा। वही ऑटो में ओवरलोडिंग करने पर भी विभाग शिकंजा कसेगा क्योंकि परमिट का वायलेशन विभाग द्वारा बिल्कुल भी नहीं सहा जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें उच्च अधिकारियों से आदेश मिलते हैं वैसे ही सोलन में ऑटो चालकों के लिए वर्दी पहनना अनिवार्य कर दिया जाएगा।
