ऊना, राकेश -:ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के जोगीपंगा में रविवार को राज्य अनुसूचित जाति आयोग द्वारा एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान ने की, जबकि कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा, अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा और अधिवक्ता शालिनी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
शिविर का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अनुसूचित जाति वर्ग को कई महत्वपूर्ण अधिकार दिए हैं, लेकिन आज भी समाज का एक बड़ा वर्ग इनके प्रति पूरी तरह जागरूक नहीं है।उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ अत्याचार होता है तो वह आयोग के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है और आयोग ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आयोग में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे और मामलों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
डॉ. अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करते रहो,” क्योंकि संघर्ष के बिना समाज आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान निर्माण के दौरान शिक्षा, सरकारी नौकरियों और विधायिका में आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे वंचित वर्गों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कुटलैहड़-बंगाणा दौरे के दौरान क्षेत्र को मिली विभिन्न विकासात्मक सौगातों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।कार्यक्रम के दौरान आयोग के सदस्यों और अधिकारियों ने भी लोगों को विभिन्न योजनाओं, कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अत्याचार से पीड़ित व्यक्तियों को मिलने वाली राहत संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। शिविर में अनुसूचित जाति वर्ग के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
