धर्मशाला, राहुल -:धर्मशाला में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु परमपावन दलाई लामा से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने दलाई लामा के आध्यात्मिक नेतृत्व तथा विश्वभर में शांति और करुणा के संदेश के प्रसार में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि दलाई लामा की शिक्षाएं, जो सद्भाव, करुणा और अहिंसा पर आधारित हैं, आज के समय में मानवता के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों से समाज में आपसी समझ और भाईचारे को मजबूत करने में मदद मिलती है।
उन्होंने अपनी पिछली मुलाकात का उल्लेख करते हुए बताया कि लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर का कार्यभार संभालने से पहले भी उन्हें दलाई लामा का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला था। धर्मशाला में पुनः उनसे मिलना उनके लिए प्रेरणादायक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध अनुभव रहा।राज्यपाल ने कहा कि दलाई लामा द्वारा दिया गया शांति, सहिष्णुता और करुणा का संदेश विश्वभर के लोगों को प्रेरित करता है तथा एक अधिक मानवीय और सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण में मार्गदर्शन देता है। उन्होंने धर्मशाला के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण की भी सराहना की और कहा कि दलाई लामा के मार्गदर्शन में यह स्थान बौद्ध दर्शन और अध्ययन का एक महत्वपूर्ण वैश्विक केंद्र बन गया है।इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी और तिब्बती समुदाय के सदस्य भी उपस्थित रहे।
