Nahan, Satish Sharma-:संगम शिक्षा प्रणाली को लेकर 6 जनवरी को जिला मुख्यालय नाहन में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर विशेष रूप से शिरकत करेंगे, जबकि प्रदेश के शिक्षा सचिव भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा डॉ. हिमेंद्र बाली ने नाहन में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
डॉ. हिमेंद्र बाली ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर एवं शिक्षा सचिव 5 और 6 जनवरी को जिला सिरमौर के दौरे पर रहेंगे। 6 जनवरी को नाहन में संगम शिक्षा प्रणाली पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिक्षा मंत्री कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी, शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक भाग लेंगे।उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा संगम शिक्षा प्रणाली को अब सक्रिय रूप से धरातल पर लागू किया जा रहा है। विभाग का मानना है कि आने वाले समय में यह प्रणाली विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएगी। संगम शिक्षा प्रणाली का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इसका लाभ प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचे।
