हमीरपुर, अरविंद- : राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बुधवार को हमीरपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त हमीरपुर गन्धर्वा राठौर ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और हमीरपुर बाजार में लोगों को बच्चों के उचित पोषण, संतुलित आहार तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उपायुक्त गन्धर्वा राठौर ने कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती पांच वर्ष उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में 0 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोषण माह के दौरान विशेष रूप से माताओं को बच्चों के खान-पान को लेकर जागरूक किया जाएगा।उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल में अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष के बच्चों को रागी सहित अन्य स्थानीय एवं पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर माताओं को बच्चों की उम्र के अनुसार उचित आहार, आवश्यक पोषक तत्व और संतुलित भोजन की जानकारी देंगी।उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों को कुपोषण से बचाने और उनके स्वस्थ विकास को प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाई जा रही है।अभियान के दौरान माताओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बच्चों के भोजन में शामिल करने तथा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर नियमित ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

