संजीव महाजन | नूरपुर-:नूरपुर विधायक रणवीर सिंह निक्का ने विधायक निधि के इस्तेमाल को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि विधायक निधि जनता के विकास के लिए है और जनता के पैसे पर पहला अधिकार भी जनता का ही है।खास बातचीत में विधायक ने निधि के उपयोग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं और कार्यशैली सामने रखी।रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि विधायक निधि के अलावा उन्हें मिलने वाली सैलरी, टीए-डीए और अन्य फंड का इस्तेमाल भी लोगों के कार्यों में किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में उन्होंने जरूरतमंद लोगों की मदद को प्राथमिकता दी है।
विधायक ने कहा कि अब लोगों को भी विधायक निधि के बारे में पहले से ज्यादा जानकारी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में कई नेता और विधायक इस राशि का इस्तेमाल निजी कामों या अपने करीबी लोगों के हित में करते रहे हैं।रणवीर सिंह निक्का ने कमीशनखोरी को लेकर भी खुलकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी का काम करवाने के बदले कभी कमीशन नहीं लिया और अगर किसी को उनके दावे पर संदेह है तो आरटीआई के जरिए पता लगाया जा सकता है कि पैसा कहां और किस काम पर खर्च हुआ।विधायक ने दावा किया कि उन्होंने विधायक निधि से न तो अपने घर का नल लगवाया, न डंगा बनवाया और न ही निजी खर्च किया, बल्कि एक-एक पैसे को पंचायतों और क्षेत्र के विकास पर लगाने का प्रयास किया।उन्होंने कहा कि उनके पास मदद के लिए आने वाला कोई व्यक्ति ऐसा नहीं रहा, जिसकी सामर्थ्य के अनुसार मदद न की गई हो।परिवारवाद की राजनीति पर तंज कसते हुए निक्का ने कहा कि कुछ लोगों को आज भी यह स्वीकार नहीं हो रहा कि साधारण परिवार का व्यक्ति विधायक कैसे बन गया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राजनीति को परिवार की विरासत के रूप में देखा है, उन्हें अब जनता के बजाय अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता सता रही है।रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि सेवा दिखावे का नहीं, बल्कि समर्पण और सेवा भावना का नाम है।
