संजीव महाजन,नूरपुर: नालागढ़ में प्रस्तावित दो औषधि पार को के निर्माण में ऑनलाइन निविदा में चहितों को लाभ पहुंचाने का आरोप कांग्रेस की ओर से भाजपा पर लगाया जा रहा है। नूरपुर में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने पत्रकार वार्ता में यह आरोप लगाया है । उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की ओर से एक प्रतिष्ठित अख़बार में प्रदेश में ज़िला सोलन के नालागढ़ में प्रस्तावित दो औषधि पार्क निर्माण हेतु ऑनलाइन निविदा का विज्ञापन 5 अक्तूबर को प्रदर्शित देख कर हैरानी हुई।
उन्होंने कहा कि अख़बार में प्रदर्शित निविदा ख़रीदने की तारीख 3 अक्तूबर 2022 से लेकर 10 अक्तूबर तक रखी गई है, लेकिन निविदा का विज्ञापन प्रतिष्ठित अख़बार में 5 अक्तूबर 2022 को प्रदर्शित किया जा रहा है,जिसमें निविदा को अन्य प्रतियोगियों को ख़रीदने के लिए मात्र दो दिन यानी 6 ओर 7 अक्तूबर का ही समय बहुत ही चतुराई से दिया गया, ताकि अपने चहेतों को मौक़ा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि 8 ओर 9 अक्तूबर को सरकारी छुट्टियां होने से यह करोड़ों की राशि के दो प्रोजेक्ट जिनकी राशि करोड़ो में उसके लिए कोई आवेदन नहीं कर पाया है। उन्होंने सवाल उठाया हैं कि क्या यह कही चुनावी फंड्स का ज़रिया तो नहीं है ?
सुदर्शन शर्मा ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं कि ऐसी सरकार की क्या मजबूरी रही होगी कि चुनाव आचार संहिता के पूर्व हड़बड़ाहट में करोड़ों की राशि की निविदा को ज़िला सोलन के नालागढ़ में करवाना कहीं पूर्व नियोजित तो नहीं है ? क्या यह चुनावी फंड्स का माध्यम तो नहीं ? उन्होंने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि चुनाव से तीन महीने पूर्व तमाम सरकारी घोषणा को पारदर्शिता के आधार पर निरस्त किया जाए ताकि सरकारी तंत्र का दुरप्रयोग ना हो व अतिशीघ्र चुनाव आचार सहिंता की घोषणा की जाए।
प्रदेश प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि इस निविदा सूचना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी किए जाए। उन्होंने कहा है कि इन बड़े औषधि पार्क प्रोजेक्टों के निर्माण हेतु उचित मापदंडों को अपनाकर पुनः विधिवत निविदा का विज्ञापन करवाया जाए, ताकि करोड़ों की धनराशि के दोनों प्रोजेक्टों में अधिक से अधिक प्रतियोगी हिस्सा लें सके व राष्ट्र धन का दुरपयोग होने से बचाया जा सके।
