अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नारी शक्ति सम्मेलन में भाग लेने के लिए हिमाचल पहुंची स्मृति ईरानी की ओर से राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा पर की गई टिप्पणी से कांग्रेस भड़क उठी है। कुछ नहीं पहचानती स्मृति ईरानी के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि ड्रामा कंपनी से राजनीति में आई स्मृति ईरानी राजनीति के क्षेत्र में भी नौटंकी करने के लिए विख्यात है। आलु , प्याज़ की माला गले में डाल और 450 रुपए में मिलने वाले गैस सिलेंडर कंधे पर लाद हुए तौबा करने वाली स्मृति ईरानी आज मंहगाई पर बात करने की बजाए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बयानबाजी कर रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि भाजपा की धर्म,भाषा,क्षेत्र और संप्रदायिकता के आधार पर देश को बांटने की विचारधारा के विरुद्ध देश को एकसूत्र में बांधने वाली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा भयभीत है इसीलिए लगातार भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बयानबाजी की जा रही है।
कौशल ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कथन जिसमें उन्होंने अमेठी से हार कर राहुल गांधी के दक्षिण भारत जाने की बात कही है पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि क्या अनुराग ठाकुर बताएंगे कि उनके पिता प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर हारने के बाद अब कहां का रुख करने वाले है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की योग्यता एवं कार्यक्षमता पर भरोसा नहीं है और न ही भाजपा के पास उपलब्धियों के आधार पर चुनाव लड़ने का साहस। यही वजह है कि केंद्रीय नेताओं की सारी फौज हिमाचल आकर प्रदेश हित के मुद्दों पर बात करने की बजाए राहुल गांधी पर निशाना साध कर जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है, परंतु प्रदेश की जनता चुनावों में भाजपा को आईना दिखा कर देश की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।
