नूरपुर, संजीव -: पुलिस जिला नूरपुर ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 48.36 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी देते हुए एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पहली कार्रवाई थाना डमटाल क्षेत्र में की गई। सीआईए टीम और थाना डमटाल के संयुक्त दल को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदौरा के गांव संगेहड़ निवासी कुलदीप कुमार अपने घर से नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 42.64 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशा कहां से लाया गया और किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।दूसरी कार्रवाई कंडवाल क्षेत्र में की गई। सीआईए नूरपुर की टीम ने त्वरित ऑपरेशन चलाते हुए दो व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों की पहचान विवेक महाजन निवासी बासा, राजा का बाग और विकास चौधरी निवासी जसूर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 5.72 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल की गई Kia की कार (किया सोनेट, नंबर HP-38H-9936) को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि नूरपुर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें नशे से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि युवाओं को इस बुराई से बचाया जा सके।
TAGGED:
Nurpur Big action on drugs
Chandrika
