Dharamshala, Rahul-:दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से धर्मशाला में आज एक विशेष वितरण समारोह आयोजित किया गया। पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के तहत आयोजित इस समारोह में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने 45 दिव्यांग लाभार्थियों को बैटरी चलित ट्राईसाइकिलें वितरित कीं।इस अवसर पर उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि दिव्यांगजनों का स्वावलंबन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर प्रयास कर रही है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि प्रत्येक बैटरी चालित ट्राईसाइकिल की लागत लगभग 58 हजार रुपये है। उपयोगकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनमें एक छोटा बहुउपयोगी बॉक्स भी जोड़ा गया है, जिसे लाभार्थी अपनी दैनिक आवश्यकताओं के लिए प्रयोग कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि ट्राईसाइकिल को पूरी तरह चार्ज होने में लगभग 6 घंटे का समय लगता है, जिसके बाद यह 42 से 50 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम है। इससे दिव्यांगजन अपने कार्यस्थलों तक आने-जाने के साथ-साथ दैनिक गतिविधियों को अधिक सुगमता से कर सकेंगे।यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) और पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।उपायुक्त ने बताया कि जिलेभर में आयोजित परीक्षण शिविरों में चयनित कुल 45 दिव्यांग लाभार्थियों को 26 लाख 10 हजार रुपये की लागत से ये ट्राईसाइकिलें प्रदान की गईं।
