Hamirpur, Arvind-:प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दो बार आपदा आने के बावजूद भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने बेहतरीन काम किया है और जनता को राहत पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आपदा के दौरान भी अवसर तलाशने का कार्य किया, जबकि केंद्र सरकार ने हिमाचल के साथ आर्थिक भेदभाव किया।
प्रेम कौशल ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंडी में जन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश सरकार अपनी तीन साल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी और आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए संकल्प दोहराएगी।उन्होंने कहा कि भाजपा इस कार्यक्रम को लेकर तरह-तरह की बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जो उसकी हताशा को दर्शाता है।प्रेम कौशल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धर्मशाला में इन्वेस्टर मीट के लिए बुलाया था, लेकिन उसका परिणाम शून्य रहा और करोड़ों रुपये सिर्फ आयोजन में खर्च कर दिए गए।उन्होंने कहा कि भाजपा वंदे मातरम जैसे मुद्दों पर भी राजनीति कर रही है। “जब वंदे मातरम लिखा गया था, तब भाजपा का अस्तित्व भी नहीं था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह मंदिर और मस्जिद के नाम पर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।प्रेम कौशल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को महंगाई और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों पर बात करने से परहेज है और वे लोगों का ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक राजनीति का सहारा ले रहे हैं।
