धर्मशाला :राहुल चावला-विद्युत मंडल धर्मशाला के तहत आते 30 से 40 फीसदी विद्युत उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। अब या तो उपभोक्ताओं को विद्युत बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बिल जमा करवाने पड़ेंगे या फिर विद्युत बिलों के भुगतान के लिए काउंटर्स पर लाइनों में लगकर बिल जमा करवाने पड़ेंगे। यह इसलिए, क्योंकि हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड ने पेटीएम से भारत बिल पेमेंट प्रणाली पर होने वाले बिजली बिलों के डिजिटल भुगतान पर कुछ समय के लिए प्रतिबंध लगा दिया है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्युत बोर्ड ने यह प्रतिबंध, इसलिए लगाया है, क्योंकि पेटीएम पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे में उपभोक्ताओं को पिछले कुछ दिनों से बिजली बिल ऐप के माध्यम से जमा करवाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। धर्मशाला विद्युत मंडल के करीब 40 फीसदी उपभोक्ता गुगल पे, फोनपे या फिर पेटीएम से बिजली बिल अदा करते थे। विद्युत बोर्ड अधिकारियों की मानें तो पिछले 4-5 दिनों से उपभोक्ताओं को विभिन्न ऐप के माध्यम से बिजली बिल जमा करवाने में दिक्कतें पेश आ रही थी, जिस पर उपभोक्ता विद्युत बोर्ड कार्यालयों से भी संपर्क कर रहे थे।
