नाहन/देवेन्द्र कुमार: डा. राजीव बिंदल ने कहा कि आगामी पांच सालों में नाहन विधानसभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास उनकी जिद्द है उनका जूनून है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रकार पिछले 60-70 सालों में नाहन विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ धोखा किया वह अब दोबारा कभी नहीं होगा। बिन्दल ने यह बात आज अपने एक दिवसीय चुनाव प्रचार के दौरान नाहन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कही। उन्होंने कहा कि आज गांव-गांव में लोग कह रहे हैं, कांग्रेस ने उनका कभी भला नहीं किया। केवल वोट के समय पर कांग्रेस को जनता की याद आती है। नाहन क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपना भरपूर स्नेह, सहयोग दिया और उन पर जो भरोसा जनता ने किया उसे कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि हम जीवन की अंतिम सांसों तक नाहन क्षेत्र की जनता की सेवा करते रहेंगे चाहे इसके लिए हमें कोई भी कुर्बानी देनी पड़े।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि धारटी क्षेत्र की देवका और सुरला पंचायत की डा. राजीव बिन्दल तस्वीर बदल दी है। यहां पहले पीने के पानी के लिए बालटियां लेकर सड़कों पर टैंकरों का इंतजार करना पड़ता था, बीमार होने पर प्राईवेट अस्पतालों में जाना पड़ता, क्षेत्र में सड़कों की दशा बहुत खराब थी। उन्होंने कहा कि बनोग सुरला सड़क को ही लीजिए आज यह सड़क शानदार है कांग्रेस के टाईम में गडडे थे, ऐसा लगता था हम किसी गाड़ी में नहीं किसी ऊंट की सवारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है, और नाहन में भी जनता ने डा. बिन्दल को विजयी बनाने का संकल्प लिया है।
