अरविंदर सिंह,हमीरपुर: नगर परिषद सुजानपुर में भाजपा समर्थित पार्षदों ने नगर परिषद सुजानपुर के कार्यालय में तैनात अधिकारी के तबादले की गुहार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से लगाई है। मामले के तहत जहां भाजपा समर्थित पार्षदों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी तो वहीं नगर परिषद कार्यालय सुजानपुर में जो अधिकारी तैनात किए गए हैं उनके तबादले की मांग को लेकर एक मांग पत्र उप मंडल अधिकारी के माध्यम से प्रदेश मुख्यमंत्री को भेजा।
भाजपा समर्थित पार्षदों के साथ-साथ नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि वर्तमान में जो अधिकारी नगर परिषद कार्यालय सुजानपुर में तैनात है वह विकास कार्यों को करवाने की बजाए दबाने का काम करते हैं, जिससे शहर की जनता प्रताड़ित हो रही हैं। तमाम पार्षदों ने एक स्वर में कहा है कि अगर आने वाले दिनों में अधिकारी का तबादला शीघ्र अति शीघ्र यहां से नहीं किया गया तो सभी भाजपा समर्थित पार्षद अपने पदों से त्यागपत्र देंगे। उन्होंने हवाला देते हुए कहा है कि नगर परिषद कार्यालय से मात्र 5 मीटर की दूरी पर अधिकारी ने अपने नाम की एक दुकान खोल रखी हैं,जहां पर उनका उठना बैठना लगा रहता है जिससे नगर परिषद के कार्य प्रभावित होते हैं।
भाजपा पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद अधिकारी को जब भी किसी कार्य को करवाने के लिए बोला जाता है तो वह मनमाना रवैया अपनाते हैं, जिसके चलते मजबूरन भाजपा पार्षदों को धरना प्रदर्शन करना पड़ता हैं। 2 दिन पहले भाजपा पार्षदों ने शहर के विकास कार्यों को करवाने के लिए अधिकारी के कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी का मनमाना रवैया सहन नहीं होगा। ऐसे में मुख्यमंत्री इस विषय पर पूरी जानकारी प्राप्त करके अधिकारी का तबादला करवाएं और शहर के विकास कार्य हो सके इसके लिए अच्छे अधिकारी को यहां पर तैनात करें।
नगर परिषद अध्यक्षा सुनीता कुमारी उपाध्यक्ष पवन कुमार पार्षद सविता महाजन शकुंतला देवी नीता सुयाल ने एक स्वर में कहा कि मुख्यमंत्री शीघ्र अतिशीघ्र अधिकारी का यहां से तबादला करवाएं नहीं तो भाजपा समर्थित पार्षद अपने पदों से त्यागपत्र दे देंगे। उप मंडल अधिकारी कार्यालय में तैनात अधीक्षक को भाजपा समर्थित पार्षदों ने मांग पत्र सौंपा हैं।
वहीं उक्त मामले में संबंधित विषय पर नगर परिषद अधिकारी संजय कुमार ने बताया नगर परिषद के तमाम कार्य समय रहते पूरे किए जाते हैं। दुकान खोलने को लेकर जो आरोप लगे हैं उन्हें उन्होंने सिरे से खारिज किया हैं।
