नाहन/देवेन्द्र कुमार: कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले सिरमौर जिला में इस बार भाजपा ने दावा किया है कि जिला की सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी एक नया इतिहास रचेगी। बीजेपी जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने नाहन में पत्रकारों से कहा कि लोगों में बीजेपी को लेकर मतदान में उत्साह देखने को मिला। जिसे देखकर लगता है कि जिला में भाजपा को जबरदस्त बढ़त मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि पहली बार जिला की सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज कर बीजेपी एक नया इतिहास बनाने वाली है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओ ने जी तोड़ मेहनत कर ईमानदारी से काम किया है, परिणाम स्वरूप यहां भाजपा को बढ़त मिल रही है। विनय गुप्ता ने कहा कि सिरमौर जिला में बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए आगे आए हैं। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए जिला के मतदाताओं का भी आभार जताया। कांग्रेस का गढ़ रहे सिरमौर में भाजपा इस बार सभी सीटों पर जीत का दावा कर रही है। बीते विधानसभा चुनाव में जिला से भाजपा को 3 सीटें मिली थी और इस बार दावा सभी सीटों पर जीत का किया जा रहा है। देखना होगा कि भाजपा नेताओं के दावों पर जनता मुहर लगाती है या फिर जिला को अपना गढ़ मानने वाली कांग्रेस को यहां बढ़त मिलती है।
