बिलासपुर/सुभाष ठाकुर – कांग्रेस पार्टी के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के वरिष्ठ प्रवक्ता संदीप सांख्यान ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आज हालत यह हो गई है कि भ्रष्टाचार करो और भाजपा में शामिल हो जाओ। आरएसएस के प्रांत कार्यवाहक के घर बिजली चोरी की जाती है और फ्लाइंग स्क्वायड की रेड होने पर मामला सार्वजनिक होता है। भारी भरकम जुर्माना लगाया जाता है। फिर मामले को दबाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से बिजली बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनवाया जाता है और जुर्माना राशि को कम करवाया जाता है।
बुधवार को बिलासपुर में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए संदीप सांख्यान ने सवाल उठाया है कि प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री चला रहे हैं या फिर आरएसएस। ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री का कार्यालय आरएसएस के बोझ के तले दबा हुआ है। इसके अलावा 200 करोड़ का छात्रवृति घोटना भी प्रदेश में हुआ है। इसमें हिमाचल के 18 व बाहर के नौ शैक्षणिक संस्थान जांच के दायरे में हैं। इन शिक्षण संस्थानों में से एक बिलासपुर जिला में है। इसकी जांच सीबीआई कर रही है। लेकिन, काफी समय से इसकी फाइल दबी हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस मामले की जांच करवाई जाए। भाजपा हाईकमान व राज्य सरकार इस मामले की जांच करवाकर उचित कार्रवाई करे और भाजपा नेता इस घोटाले पर स्पष्टीकरण दें।
