संजीव महाजन,नूरपुर:भाजपा सरकार को आम जन से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने आम जन को अगर कुछ दिया है तो वो है महंगाई और बेरोजगारी की मार। यह बात नूरपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अजय महाजन ने जाछ पंचायत में आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान उपस्थित लोगों से कही।
अजय महाजन ने लोगों से कहा कि अपना मत देने से पहले सभी इस बात का ध्यान रखें कि भाजपा के शासनकाल में महंगाई, बेरोजगारी ही बढ़ी है। अजय महाजन ने कहा कि जिस ढंग से बीते कल जनसभा में जनसैलाब आया है लोगों ने दिखा दिया है कि 12 तारीख को नूरपुर को किस ओर, किस दिशा में पहुंचाना हैं। उन्होंने कहा की वो 8 दिसंबर को कांग्रेस का झंडा फहराएंगे ।
उन्होंने ओपीएस को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल तो कुछ किया नहीं है केवल कर्मचारियों को गुमराह ही किया। अब चुनाव के समय वो क्या करेंगे। अजय महाजन ने कहा कि भाजपा की ओर से कर्मचारियों को पेंशन मामले में यह कहा गया था कि अगर कर्मचारियों को पेंशन लेनी है तो वह चुनाव लड़कर विधानसभा आएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी चुनाव तो नहीं लड़ सकते लेकिन वह चुनाव जरूर लड़वाएंगे और सरकार की इस बात का जवाब चुनाव के माध्यम से ही भाजपा सरकार को देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऐलान किया है कि वह सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में ओपीएस लागू कर देंगे।
