नाहन/देवेन्द्र कुमार: नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान को इन दिनों नगर पालिका द्वारा आमदनी का जरिया बनाया जा रहा है। चौगान की दुर्दशा को लेकर आज शहर के एक वरिष्ठ नागरिक ने डीसी सिरमौर को शिकायत पत्र सौंपा। शिकायतकर्ता प्रेमपाल महिन्दरू ने बताया कि रियासत काल में चौगान मैदान एक तालाब होता था, जिसे तत्कालीन महाराज ने खेल का मैदान बनाया था। शहर के बीचों-बीच स्थित इस चौगान मैदान में कई खेलकूद गतिविधियां होती रही है।

उन्होंने कहा कि जब से चौगान मैदान नगरपालिका के अधीन हुआ, तब से नगरपालिका इस चौगान मैदान का इस्तेमाल आमदनी के तौर पर कर रही है। इन दिनों चुनावी माहौल होने के चलते यहां अलग-अलग राजनीतिक पार्टियां चुनावी अखाड़े का रूप दे रही है, जो कि शहर वासियों और खिलाड़ियों के लिए दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि चौगान की इस दुर्दशा को देखते हुए उन्होंने आज डीसी सिरमौर को शिकायत पत्र सौंपा है और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
