अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं और ऐसे में हर विधानसभा में विकास के मुद्दे भी तूल पकड़ते जा रहे है। वहीं बात अगर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र कि की जाए तो हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विकास के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाए है।कांग्रेस का कहना है कि हमीरपुर में भाजपा का विधायक होने के बाद भी हमीरपुर में विकास कार्य नहीं किए गए है।
हमीरपुर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नरेश ठाकुर ने विकास के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा है और कहा कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक होने के बावजूद 5 वर्षों में विकास शून्य के बराबर रहा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमीरपुर जिला की अनदेखी के आरोप लगाते हुए कहा कि जब-जब विधानसभा चुनाव नजदीक आते है, भाजपा को हमेशा हमीरपुर जिला की याद आती है।
उन्होंने कहा कि गत 5 वर्षों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हमीरपुर जिला की सबसे ज्यादा अनदेखी की है लेकिन अब चुनावों में लोगों को ठगने के लिए एक बार फिर से हमीरपुर जिला को याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला में विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने में कांग्रेस पार्टी और सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों के चलते ही हमीरपुर जिला में मेडिकल कॉलेज की नींव रखी गई थी। उन्होंने कहा कि चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या अन्य क्षेत्र जिला हमीरपुर में कांग्रेस सरकारों ने हर ओर विकास करवाया है, जबकि भाजपा ने केवल वोटों की राजनीति की है।
