Shimla, Sanju (TSN)-मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने भाजपा विधायक सतपाल सत्ती के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
विपक्ष सस्ती सुर्खियों के लिए बयानबाज़ी कर रहा
नरेश चौहान ने कहा, “प्रदेश सरकार जनता के हित में काम कर रही है, लेकिन विपक्ष सस्ती सुर्खियों के लिए बयानबाज़ी कर रहा है।” उन्होंने सत्ती के आरोपों को राजनीतिक स्टंट बताते हुए कहा कि भाजपा को देश के बड़े सवालों से जनता को दूर रखने की आदत हो गई है।चौहान ने भारत-पाक युद्ध के बाद हुए सीजफायर का ज़िक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब सेना दुश्मन पर भारी पड़ रही थी, तब अचानक युद्धविराम की घोषणा क्यों की गई? उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में भारत सरकार ने यह कदम उठाया और अब इससे जुड़े सवालों पर भाजपा चुप्पी साधे बैठी है।
भाजपा मंत्री विजय शाह पर साधा निशाना
नरेश चौहान ने मध्यप्रदेश के भाजपा मंत्री विजय शाह द्वारा सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। चौहान बोले, “कर्नल सोफिया को आतंकवादियों से जोड़ना देश की बेटियों और सेना दोनों का अपमान है। प्रधानमंत्री और भाजपा ने अब तक उस मंत्री पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?”उन्होंने कहा कि भाजपा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की बात करती है, लेकिन जब किसी महिला अफसर पर शर्मनाक टिप्पणी होती है, तो खामोश रहती है।
