संजु चौधरी, शिमला: देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राजधानी शिमला के रिज मैदान पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ बीजेपी नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान बीजेपी नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के हिमाचल प्रदेश के साथ खास लगाव को भी याद किया।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश से खास नाता रहा हैं। वे कई बार हिमाचल प्रदेश आए। अटल बिहारी हिमाचल को अपना दूसरा घर माना करते थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ भी खास नाता था। अपनी भिन्न कविता शैली और वाकपटुता के लिए पक्ष-विपक्ष के लोग उन्हें घंटों बैठकर सुना करते थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी हिमाचल प्रदेश के लिए बेहद खास जगह रखते हैं। उन्होंने वाजपेयी की जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
