कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा (TSN)- देश की लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी मिलने पर महिलाओं ने जहां खुशी व्यक्त की हैं और अब महिलाओं ने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में जिला कुल्लू भाजपा महिला मोर्चा के द्वारा खुशी व्यक्त की गई और कहा गया कि इससे अब देशभर में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है।
जिला कुल्लू भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष कमलेश शर्मा ने बताया कि देश की लोकसभा ने ‘नारीशक्ति वंदन विधेयक’ को मंजूरी दे दी है। इस बिल में संसद के निचले सदन और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है। वही, इससे संबंधित ‘संविधान (एक सौ अट्ठाईस वां संशोधन) विधेयक, 2023’ पर लोकसभा में करीब आठ घंटे की चर्चा चली थी। जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष कमलेश शर्मा ने बताया कि मत विभाजन के जरिए इसे स्वीकृति दी गई। विधेयक के पक्ष में 454 वोट पड़े और विरोध में 2 वोट पड़े। विधेयक पारित किए जाने के दौरान सदन में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद थे। अब नारी शक्ति वंदन विधेयक’ के कानून बन जाने के बाद 543 सदस्यों वाली लोकसभा में महिला सदस्यों की संख्या मौजूदा 82 से बढ़कर 181 हो जाएगी और राज्य विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित हो जाएंगी। कमलेश शर्मा ने कहा कि इस विधेयक के आने से अब महिलाओं की आरक्षित सीट में भी अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण होगा।
