चिंतपूर्णी (विकास शर्मा): प्रदेश में महंगाई बेरोजगारी भ्रष्टाचार ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन रपीट इस बार के विधानसभा चुनावों में डिलीट होगा। यह बात रविवार को धर्मसाल महंता में अपना बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक और मंत्री झूठी घोषणा करके लोगों को गुमराह कर रहे है।
चुनावों के निकट जो भी लुभाने सपने लोगों को भाजपा दिखा रही है यह सब झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि भाजपा हाईकमान की ओर से 50 फीसदी विधायकों और मंत्रियों के टिकट काटने का मतलब है कि भाजपा के विधायकों मंत्रियों ने लोगों के कार्यो की अनदेखी की है। इसका सीधा मतलब है कि भाजपा प्रदेश में विकास करवाने में पूरी तरह असफल रही है। कुलदीप कुमार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने हाल ही में चिंतपूर्णी कॉलेज को 25 करोड़ रुपए की घोषणा भी लोगों को गुमराह करने वाली है।
उन्होंने कहा कि पिछले साढे 4 वर्ष में कॉलेज को स्टाफ तक भाजपा सरकार उपलब्ध नहीं करवा सकी और चुनावों के अंतिम वर्ष में जबकि आचार संहिता लगने में कुछ ही समय बाकी है झूठी घोषणा करके जनता को मूर्ख बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी कॉलेज पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है। कुलदीप कुमार ने कहा कि इस कॉलेज में ज्यादातर बच्चियों की संख्या अधिक है जो कि स्टाफ की कमी के कारण काफी निराश है। उन्होंने कहा कि उज्जवल गैस योजना के तहत लोगों को मुफ्त सिलेंडर और गैस वितरित कर दी और अब सिलेंडर भरवाने के लिए गरीब लोगों के पास पैसा तक नहीं है।
बता दें कि रविवार को धर्मसाल महंता में कांग्रेस के कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं जिला ऊना के प्रभारी महेश्वर चौहान यूथ कांग्रेस के प्रवक्ता अनुज धीमान प्रदेश महासचिव अखिल अग्निहोत्री जिला प्रभारी धर्मेंद्र सिंह धामी मंडल कार्यकारी अध्यक्ष रोहित कालिया प्रदेश सैक्ट्री रोहन कालिया प्रधान अशीष के इलावा भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और गांव वासी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
