हमीरपुर (अरविंदर सिंह): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को सुजानपुर से फिर उम्मीदवार बनाने की मांग भाजपा महिला मोर्चा ने उठाई है। रविवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पनोह के चोरी गांव में भाजपा महिला मोर्चा का महिला सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने शिरकत की इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सुद भी कार्यक्रम मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सहित जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारियों कार्यकारिणी सदस्यों एवं पूरे विधानसभा क्षेत्र से उमड़ी नारी शक्ति ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। फूल मालाएं एवं पुष्प वर्षा के साथ ढोल नगाड़े बजाकर पूर्व मुख्यमंत्री को मंच स्थल तक पहुंचाया गया। नारी शक्ति ने खुले मन से धूमल से चुनाव मैदान में उतरने की मांग की और कहा कि उनकी जीत सुनिश्चित करने की सारी जिम्मेवारी नारी शक्ति ले रही है। उन्होंने यह कहा कि इस बार नारी शक्ति ने यह ठान लिया है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को विधानसभा चुनावों में जीत दिलाई जाएगी उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा क्षेत्र की नारी शक्ति कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
कांग्रेस पर गाड़िया रोकने के लगाए आरोप
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर गाड़ियों को रोकने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा की कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने यह महिला सम्मेलन के कार्यक्रम को सफल ना बन पाए इसके लिए जगह-जगह रास्ते में अपनी गाड़ियां खराब कर ली ताकि महिला सम्मेलन में सभी महिलाएं वहां पहुंच ना पाए और कांग्रेस के पदाधिकारियों ने गांव में भी जाकर महिलाओं को सम्मेलन में जाने का विरोध किया परंतु उसके बावजूद भी सुजानपुर नारी शक्ति ने सम्मेलन में पहुंचकर अपनी ताकत का अंदाजा कांग्रेस पार्टी को करवाया।
