हमीरपुर,अरविन्द सिंह (TSN)-प्रदेश के हालात इस समय बुरे हाल में है लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री समोसा कांड हल करने में लगे हुए हैं। पुलिस प्रशासन जिसके जिम्मे प्रदेश की सुरक्षा है उसके अंदर ही इस तरह का समोसा कांड शर्मनाक है। प्रदेश की स्थिति तो मुख्यमंत्री सुधार नहीं पा रहे हैं उल्टा मुझ पर और मेरे परिवार पर झूठे मामले दर्ज करने का काम सरकार कर रही है लेकिन प्रदेश की जनता सब कुछ जानती है।हालात ऐसे खराब होते जा रहे हैं कि आने वाले समय में भाजपा को वोट मांगने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी और हमीरपुर से ही भाजपा की पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी. यह बात हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने यहां मीडिया से रूबरू होते हुए कही।
गौरतलब है कि हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने इस मुद्दे को लेकर अपने फेसबुक पेज पर भी पोस्ट करके मुख्यमंत्री को घेरने के अलावा उन्हें 11 समोसे भी भेजे है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को समोसा कांड के बाद चटनी की भी जांच करवानी चाहिए।हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि प्रदेश पहले ही बेरोजगारी,वित्तीय संकट,कर्मचारियों की पेंशन में देरी और डीए बकाया जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि समय में मुख्यमंत्री के लिए लाए गए समोसों पर सीआईडी जांच का आदेश देना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि जब हिमाचल के लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं,तो सरकार को असली मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए,न कि ऐसे छोटे मामलों पर।उन्होंने कहा कि इसी विरोध स्वरूप में मैंने मुख्यमंत्री को 11 समोसे भेजे हैं,ताकि उन्हें याद दिला सकूं कि जनता की असली समस्याओं का समाधान करना अधिक महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि हमें उन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए जो कि इस समय बहुत जरूरी है।
