कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – देशभर में जहां केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के बाद भाजपा के द्वारा महा जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है। तो वहीं इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा घर-घर दस्तक दे रही है। भाजपा के नेता भी घर-घर जाकर ग्रामीणों को केंद्र सरकार की नीतियों की जानकारी दे रहे हैं। वहीं अब जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर के रथ मैदान में भी 14 जून को मंडी संसदीय क्षेत्र की एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। यह बात ढालपुर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ढालपुर में जिला कुल्लू भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक को भी संबोधित किया और आगामी 14 जून को होने वाली रैली के बारे में भी चर्चा की।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा विशेष रुप से उपस्थित होंगे और केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश भर में भाजपा के द्वारा महा जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है। तो उसके तहत हर संसदीय क्षेत्र में भी एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। मंडी संसदीय क्षेत्र की रैली 14 जून को रथ मैदान में आयोजित की जाएगी। जिसमें मंडी संसदीय क्षेत्र से हजारों भाजपा कार्यकर्ता अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश में अब केंद्र की बीजेपी सरकार अपना 10 साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इन 10 सालों में देश भर में जहां विकास को नई दिशा मिली तो वहीं हिमाचल भी अछूता नहीं रहा। हिमाचल प्रदेश में 41000 करोड रुपए के फोरलेन के कार्य चल रहे हैं। इसके अलावा बिलासपुर में अब एम्स ने भी कार्य करना शुरू कर दिया है। आने वाले समय में भी हिमाचल का विकास इसी तरह चलता रहे। ऐसे में कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों के बारे में लोगो को जागरूक कर रहे हैं।
