मंडी/परी शर्मा: विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कमर कस ली है और पार्टी की मजबूती के लिए बड़े नेताओं के प्रदेश में लगातार कार्यक्रम तय हो रहें हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश के प्रवास पर है। इसी कड़ी में 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी चुने हुए जन प्रतिनिधियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पंच परमेश्वर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विशेष बैठक का आयोजन परिधि गृह में संपन्न हुई।
बैठक में प्रदेश सचिव व मंडी संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह और जिला विस्तारक रामकुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह सहित प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व उपस्थित रहेगा। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि सम्मेलन का आयोजन विपाशा सदन में सुबह 09:00 बजे से शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि अतिथियों के स्वागत का जिम्मा कृष्णा विजयालय , प्रचार प्रसार का कार्य युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेश ठाकुर, आवास योजना का प्रमुख पंकज शर्मा और विशाल ठाकुर, भोजन व्यवस्था मंडल उपाध्यक्ष महेंद्र राणा, यातायात प्रमुख अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र, मंच और बैठक स्थल की व्यवस्था मंडल महामंत्री बालक राम, सूचना एवम् निमंत्रण प्रमुख रमन शर्मा और मीडिया प्रबंधन की जिम्मेवारी जिला मीडिया प्रभारी प्रशान्त शर्मा को दी गई है। साथ ही सभी समितियों का समन्वयक जिला महामंत्री महेंद्र पाल को बनाया गया है।
