बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)-लोकसभा चुनावों के मद्देनजर जिला बिलासपुर के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर आ रहे हैं। जेपी नड्डा 8 मई को सुबह 10 बजे बिलासपुर आएंगे और जिला स्तरीय पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में शामिल होंगे। जेपी नड्डा पन्ना प्रमुखों में जोश का संचार करेंगे और जीत का मूल मंत्र भी देंगे।
रविवार को बिलासपुर के भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा के जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने बताया कि इस सम्मेलन में पूरे जिला के 427 बूथों के करीब 11 हजार पन्ना प्रमुख शामिल होंगे। वहीं,नड्डा के साथ साथ केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी अनुराग ठाकुर,पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे। इस सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जेपी नड्डा के बिलासपुर आने को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी जोश है।
