बीबीएन : जगत सिंह- सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने नालागढ़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नालागढ़ के पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस में एक पत्रकार वार्ता कर प्रदेश सरकार को घेरा।
कांग्रेस सरकार 2 माह में एक भी गारंटी नहीं कर पाई पूरा
सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने आते ही प्रदेश में महंगाई बढ़ा दी है और 2 माह में प्रदेश सरकार द्वारा साढ़े 4 करोड़ से ज्यादा कर्ज लेने की कोशिश की गई है । उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने आते ही कर्ज और वैट बढ़ाकर प्रदेश की जनता पर महंगाई चरम सीमा पर पहुंचाने की कोशिश की है। सुरेश कश्यप ने कहा कि चुनावों के समय में कांग्रेस द्वारा प्रदेश की जनता को दी गई 10 गारंटीयों का भाजपा को नुकसान हुआ है। जिसके कारण भाजपा प्रदेश में हारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जो भी गारंटीयां प्रदेश की जनता से की थी उनमें से वह 2 माह में एक भी गारंटी को पूरा नहीं कर पाई है और ओ पी एस व महिलाओं को 1500 प्रतिमाह देने के वादे के कारण प्रदेश की महिलाएं अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही हैं।
लोकसभा चुनावों को लेकर देश में बनाई जा रही है रणनीति
सुरेश कश्यप ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में रणनीति बना रही है । जो कमियां पीछे छूटी है उन्हें पूरा करने की कोशिश भाजपा की ओर से की जा रही है।
