अरविंदर सिंह,हमीरपुर: विधानसभा चुनाव में अगर कुछ लोगों ने पार्टी के खिलाफ काम किया है तो ऐसे लोगों पर क्या कार्रवाई होनी चाहिए इसे लेकर पार्टी के अंदर जो भी सामूहिक फैसला होगा उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सोमवार को अपने एक दिवसीय हमीरपुर दौरे के दौरान मीडिया से रुबरू होते हुए कही। बिंदल ने कहा कि लोकसभा चुनावों लेकर पार्टी मंडल स्तर पर तैयारियां करने में जुट गई है अब हर हर कार्यकर्ताओं को उसकी जिम्मेवारी दी जा रही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की एक मजबूत पार्टी है जो सिद्धांतों पर चलती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में मोदी ने इस देश में विकास का एक नया इतिहास रचा है और अगर वह इस देश के लिए कुछ कर रहे हैं तो उनके नाम पर पार्टी को वोट मांगने में क्या हर्ज हैं। बिंदल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारी के लिए संगठन की मशीनरी को चाक-चौबंद करने का काम शुरू हो गया हैं। जिस दिन कार्यकर्ता ठान लेते हैं कि हमें जीत हासिल करनी है उस दिन पार्टी की जीत को कोई नहीं रोक सकता हैं।
बिंदल ने कहा कि वे मानते हैं कि विधानसभा चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा लेकिन जो गलतियां हुई है उन्हें सुधार कर एक बार फिर से पार्टी को जीत की राह पर लाया जाएगा। कार्यकर्ताओं को मजबूत करने के लिए खास तौर पर काम किया जा रहा हैं। लोकतंत्र में हार और जीत चलती रहती है भाजपा आज भी हिमाचल में ग्राउंड जीरो पर एक शक्तिशाली पार्टी हैं ।
प्रदेश में चुनावों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के माननीय नेता होने के साथ है भाजपा के सबसे बड़े नेता भी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपने वरिष्ठ नेताओं के चित्र पोस्टरों पर लगाती आई है और अगर किसी को अपने नेता के फोटो लगानी हैं तो इस पर भाजपा को कोई आपत्ति नहीं हैं। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस बताए कि उन्होंने अपने 6 माह के कार्यकाल में कितनी गारंटियों को पूरा किया हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला से मुख्यमंत्री हैं तो वह बताएं कि उन्होंने हमीरपुर के लिए कितने करोड़ों के विकास कार्यों को शुरू करवाया हैं।
