Mandi,Dharamveer- राज्य के राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी को गुरुवार को सराज घाटी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा।जैसे ही मंत्री जंजैहली पहुंचे, वहां मौजूद दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और “गो बैक” के नारे लगाए।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जंजैहली मंडल भाजपा के अध्यक्ष भीषम ठाकुर ने किया। ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्री नेगी ने हाल ही में सराज की आपदा को लेकर एक ‘संवेदनहीन बयान’ दिया था, जिससे स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।उन्होंने कहा, “आपदा के समय पूरा प्रदेश सराज के साथ खड़ा था, लेकिन मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान ने जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया। नेगी जाति के लोग स्वभाव से मधुर और सहयोगी होते हैं, लेकिन जगत सिंह नेगी का व्यवहार इससे उलट रहा है। ऐसे नेता की यहां कोई आवश्यकता नहीं है।
मंत्री नेगी का यह दौरा सराज में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए किया गया था। हालांकि, भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि दौरे की मंशा “राजनीतिक दिखावा” अधिक और सहानुभूति कम प्रतीत होती है।इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला और मंत्री का दौरा सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ।
