Una, Rakesh-:स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की ओर से ऊना में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा की युवा ब्रिगेड बड़ी संख्या में एकत्र हुई और विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यह उनका पहली बार ऊना दौरा था, जिसे लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष रजत राणा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद सन्नी शुक्ल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें ऊना सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती और वरिष्ठ भाजपा नेता राम कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्श आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं और युवा मोर्चा उनके बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विवेकानंद के विचारों से जोड़ना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा।
इस दौरान सन्नी शुक्ल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार वन मित्र, पशु मित्र और ट्रैफिक मित्र जैसी भर्तियों के जरिए युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। शुक्ल ने दावा किया कि ऐसी अस्थायी भर्तियों से युवाओं का जीवन स्तर नहीं सुधर सकता और उनका भविष्य अंधकार की ओर धकेला जा रहा है।भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर युवा नेतृत्व को आगे लाया जा रहा है, जिसका असर प्रदेश की राजनीति में भी दिखाई देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में युवा निर्णायक भूमिका निभाएंगे और प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेंगे।
