शिमला: चन्द्रिका (TSN)- भाजपा ने प्रदेश सरकार पर भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना का कार्य बाधित करने का आरोप लगाया है । भाजपा मीडिया प्रभारी एवं विभाग संयोजक कर्ण नंदा ने कहा की जहां केंद्र सरकार ने इस योजना को लेकर पूर्ण सहायता देने का कार्य किया है ।वहीं प्रदेश सरकार ने इस परियोजना की राशि को इंकार करते हुए इसकी प्रगति गति धीमी करने का प्रयास किया है।
परियोजना के लिए खर्चा उठाने से पीछे हटी प्रदेश सरकार
कर्ण नंदा ने कहा की भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना पर वित्तीय संकट मंडरा गया है । बिलासपुर से बैरी तक की प्रस्तावित रेलवे लाइन के भू-अधिग्रहण के लिए प्रदेश सरकार के 100 फीसदी राशि खर्च करनी है, जो की सरकार कर नही रही है। इसके लिए अनुमानित 1100 करोड़ की राशि देने पर राज्य सरकार ने साफ मना कर दिया है। हिमाचल प्रदेश के नेता और सरकारी अधिकारियों ने ऐसा केंद्र सरकार से कहा है। कर्ण नंदा ने कहा की पूर्व में जब हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार थी तो 800 करोड़ का खर्च इस कार्य के लिए खर्च किया गया था,अब इस परियोजना पर खर्च को रोक दिया गया है ।उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरे होने से हिमाचल प्रदेश को बहुत बड़ा फायदा होगा। पर्यटन, कारोबार, आवागमन और सभी छोटे-छोटे पहलुओं को लेकर हिमाचल प्रदेश की प्रगति में पंख लगेंगे।
कर्ण नंदा ने कहा की इस परियोजना के लिए हिमाचल सरकार तुरंत प्रभाव से पैसे आवंटित करें कि इस परियोजना के प्रगति कार्यों में बाधा ना आए और जल्द से जल्द जैसे कि लक्ष्य रखा था कि 2025 में इस परियोजना के कई चरण पूर्ण हो जाएं।उन्होंने कहा कि इस योजना को धरातल पर उतरने के लिए भारतीय जनता पार्टी के समस्त नेतृत्व और पूर्व में रही सभी सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसी बड़ी परियोजनाएं एक प्रदेश को अथक मेहनत से मिलती है।
