अनिल कुमार,किन्नौर: किन्नौर विधानसभा क्षेत्र में जहां पहले कांग्रेस पार्टी में टिकट को लेकर किन्नौर कांग्रेस ओर युवा कांग्रेस का आमने सामने थे तो अब भाजपा की ओर से किन्नौर विधानसभा में उम्मीदवार की घोषणा करने के बाद भाजपा की गुटबाजी इन दिनों किन्नौर विधानसभा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा की ओर से जिस उम्मीदवार को चुनाव में टिकट दिया गया है वह तो चुनावी मैदान में है ही लेकिन इसके बावजूद पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी भी आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। अभी तक जहां यह चुनावी मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच था तो वहीं अब यह मुकाबला कांग्रेस, बीजेपी और बीजेपी के ही आजाद उम्मीदवार के बीच में होने जा रहा है।
बीजेपी की गुटबाजी किन्नौर में सरेआम जाहिर हो रही है,जिसका उदाहरण शुक्रवार को भी यहां देखने को मिला। पूर्व विधायक किन्नौर तेजवंत सिंह नेगी पूर्व में भाजपा से विधायक रहे है और इस बार उनका भाजपा से टिकट कट गया है। वहीं प्रदेश वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी को भाजपा का टिकट संगठन ने दिया है, जिसके बाद पूर्व विधायक किन्नौर तेजवंत सिंह नेगी ने आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ने का निर्णय लिया ओर नामांकन भी दाखिल किया है। सूरत नेगी व तेजवंत नेगी के नामांकन दाखिल होने के बाद रिकोंगपिओ बाज़ार में भाजपा उम्मीदवार सूरत नेगी भाजपा कार्यकर्ताओं व जनसभा को संबोधित कर रहे थे कि आजाद उम्मीदवार तेजवंत सिंह नेगी के समर्थकों की भीड़ भाजपा के समर्थकों की भीड़ के चक्रव्यू को भेदती हुई निकली और तेजवंत नेगी के समर्थन में जमकर नरेबाज़ी भी की।
रिकोंगपिओ बाज़ार में राजनीति का ऐसा माहौल शायद पहली बार हुआ ज़ब एक ही संगठन के एक ही प्यालों के दो अलग स्वाद की चाय का मज़ा लोगों ने लिया है, जबकि बाज़ार की भीड़ का मुख्य आकर्षण भाजपा व आजाद उम्मीदवार दोनों ही रहे है। वहीं इस दौरान तेजवंत सिंह नेगी लोगों से निजी तौर पर मिलते भी दिखे और सभी से समर्थन मांगते भी देखे गए। वहीं दूसरी ओर सूरत नेगी अपनी रैली के बाद भाषण देकर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास करते भी दिखे।
किन्नौर के राजनीति मे ऐसा माहौल भी लोकतंत्र के महापर्व के किसी बड़े मेले से कम नहीं लग रहा था, लेकिन भाजपा की गुटबाज़ी आज यहां दो फाड़ हो गई और विधानसभा चुनावों के मतदान के बाद ही परिणाम तेजवंत नेगी व सूरत नेगी के दमखम को बतायेंगे। बता दे कि अभी इसके अलावा किन्नौर कांग्रेस मे फिलहाल टिकट के दावेदारी में विधायक किन्नौर जगत सिंह व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी के बीच टिकट को लेकर संगठन विचार चल रहा है।
