Mandi, Dharamveer-हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावितों की मदद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब रसोईघर के बर्तन किटें बांटने का निर्णय लिया है। थुनाग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि सराज क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को एक हजार रसोई किटें जल्द वितरित की जाएंगी।
डॉ. बिंदल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें जानकारी दी कि आपदा के कारण प्रभावितों के पास अब कोई भी घरेलू सामान शेष नहीं बचा है। उन्होंने कहा, “भले ही राशन दिया जा चुका है, लेकिन खाना पकाने के लिए बर्तन ही नहीं हैं। इसलिए अब भाजपा ने आवश्यक रसोई बर्तनों की एक हजार किटें देने का निर्णय लिया है।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन किटों में सभी आवश्यक रसोई सामान शामिल होंगे और इन्हें अगले 48 से 72 घंटों में सराज क्षेत्र के सभी ज़रूरतमंद परिवारों तक पहुंचा दिया जाएगा।
डॉ. बिंदल ने राहत कार्यों में प्रदेश सरकार की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब राहत के साथ-साथ पुनर्वास कार्यों पर भी प्राथमिकता से ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने सवाल उठाया कि “आपदा प्रभावित लोग कब तक टैंटों और राहत शिविरों में जीवन बिताते रहेंगे?”उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समय पर किए गए प्रयासों की सराहना की और केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा हमेशा आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी रहेगी और उनकी मदद के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
